
उदित वाणी आदित्यपुर (का.प्र.): सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत रविवार को वॉर्ड 15 और 16 के लिए दिन्दली बस्ती स्थित शिव मंदिर परिसर में शिविर आयोजित किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी पहुंचे और अपनी समस्याओं एवं योजनाओं से संबंधित आवेदन जमा किए।
शिविर में अबुआ आवास, मईया सम्मान योजना और 50 वर्ष पूर्ण करने के बाद मिलने वाली पेंशन से जुड़े स्टॉलों पर सबसे अधिक भीड़ देखी गई। कई लाभुक ऐसे भी देखे गए जिन्होंने पहले आवेदन देने के बावजूद पेंशन स्वीकृति न मिलने की शिकायत दर्ज कराई।
इसके अलावा सर्वजन पेंशन योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, राशन कार्ड, आधार कार्ड अपडेट, मनरेगा जॉब कार्ड, जाति, आवासीय एवं आय प्रमाण पत्र के लिए भी लोगों ने आवेदन जमा किए। जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र से जुड़ी सेवाओं के लिए स्वास्थ्य विभाग का स्टॉल विशेष रूप से उपयोगी साबित हुआ।
शिविर के दौरान अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और समयबद्ध समाधान का भरोसा दिलाया।

