
उदित वाणी, आदित्यपुर (का.प्र.): शेरे पंजाब चौक, आदित्यपुर में बीती रात एक कंक्रीट मिक्सर वाहन (संख्या– JH05CN/1411) ने चार पहिया वाहन (संख्या– JH15Z/9357) को जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि कंक्रीट मिक्सर का अगला हिस्सा चार पहिया वाहन में घुस गया, जिससे वाहन को भारी क्षति पहुंची.
घटना के वक्त दोनों वाहन आदित्यपुर से जमशेदपुर की ओर जा रहे थे. गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी को भी चोट नहीं आई. चार पहिया वाहन पर “सहायक निदेशक, गव्य विकास निदेशालय, झारखंड रांची” का बोर्ड लगा हुआ था.
टक्कर के बाद लगभग आधे घंटे तक मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित रहा, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित कर यातायात को सामान्य कराया.
वहीं, आदित्यपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोनों वाहनों के चालकों से पूछताछ जारी है.

