
उदित वाणी जमशेदपुर : 26 नवंबर 2025 को सोना देवी विश्वविद्यालय, घाटशिला (झारखंड) में संविधान दिवस अत्यंत गरिमा, आदर और उत्साह के साथ मनाया गया। स्वामी विवेकानंद सभागार में आयोजित इस समारोह में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, विभागाध्यक्षों, संकायाध्यक्षों, अधिकारियों और कर्मचारियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान “संवैधानिक यात्रा एवं विकास”, भारतीय संविधान का महत्व, मौलिक अधिकार, मौलिक कर्तव्य और प्रस्तावना जैसी अहम धाराओं पर विस्तृत विचार प्रस्तुत किए गए। वक्ताओं ने संविधान निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया, भारतीय लोकतंत्र को सशक्त बनाने में इसकी निर्णायक भूमिका तथा नागरिकों के दायित्वों पर प्रेरक प्रकाश डाला।
समारोह का वातावरण तब और अधिक प्रेरणादायी बन गया जब सभी उपस्थितों ने एक स्वर में भारतीय संविधान को स्वीकारने, उसके सिद्धांतों का पालन करने और लोकतांत्रिक मूल्यों को जीवन में उतारने की शपथ ली। यह सामूहिक संकल्प राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का प्रतीक बना।
पूरे कार्यक्रम का संचालन एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर मिस पतत्रि माली ने किया, जिन्होंने अपनी संयोजकता और मार्गदर्शन से आयोजन को सफल और प्रभावी बनाया।
संविधान दिवस आयोजन ने विश्वविद्यालय समुदाय में संवैधानिक चेतना, दायित्वबोध और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण को नई ऊर्जा प्रदान की।

