
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो के उलीडीह थाना क्षेत्र स्थित सुभाष कॉलोनी में मंगलवार को अधिवक्ता दिलीप गोराई पर जानलेवा हमला किया गया. हमले में उनका सिर फट गया और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं. उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनके सिर में कई टांके लगाए और अन्य चोटों का उपचार किया. उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.
दिलीप गोराई ने उलीडीह थाना में दिए गए आवेदन में बताया कि मंगलवार को वह अपनी दीदी जसोदा पाल और भांजी चित्रा पाल को लेकर थाना गए थे, जहां एक सनहा दर्ज कराया गया. थाना से निकलने के बाद वह अपनी दीदी को उनके घर छोड़ने जा रहे थे. इसी दौरान जब वे सुभाष कॉलोनी पहुंचे, तभी जसोदा पाल के ससुर अवनिकांत पाल, देवर संदीप पाल, प्रीति पाल और संदीप पाल का साला वहां आ पहुंचे.
आवेदन के अनुसार, इन सभी ने मिलकर अचानक उन पर हमला बोल दिया. आरोप है कि लोहे की रॉड से उनके सिर पर जोरदार प्रहार किया गया, जिससे उनका सिर फट गया. हमले में वह नीचे गिर पड़े और उनके शरीर पर भी कई जगह चोटें आईं. आसपास मौजूद लोगों ने स्थिति बिगड़ते देख उन्हें अस्पताल पहुंचाया.
घटना की जानकारी मिलने पर उलीडीह थाना पुलिस ने दिलीप गोराई के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है. थाना प्रभारी ने बताया कि सभी आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
पुलिस टीम आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. अधिकारियों ने बताया कि आरोपितों की पहचान स्पष्ट है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति नहीं है, लेकिन पुलिस एहतियातन नजर बनाए हुए है.

