
उदित वाणी, जमशेदपुर : मंगलवार की सुबह करीब 5 बजे रामगढ़ से कुरकुरे लेकर राजनगर के हैंसल जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर तुड़ी पुल पर पलट गया. हादसे के बाद पोटका-राजनगर मुख्य सड़क पर करीब तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा. पुल की संकरी सड़क के कारण छोटे वाहनों को भी निकलने में परेशानी हुई.
घटना की जानकारी मिलते ही पोटका थाना प्रभारी मनोज कुमार मुर्मू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. तत्परता दिखाते हुए उन्होंने हाइड्रा मशीन की मदद से ट्रक को सड़क किनारे हटवाया. इसके बाद आवागमन धीरे-धीरे सामान्य हो सका.
ट्रक चालक विजय कुमार ने बताया कि वह रामगढ़ से कुरकुरे लादकर हैंसल जा रहा था. सुबह करीब 5 बजे गाड़ी चलाते समय अचानक झपकी आने से ट्रक का नियंत्रण खो बैठा और वह पुलिया से टकराकर बीच सड़क पर पलट गया. चालक को किसी तरह की गंभीर चोट नहीं आई और वह बाल-बाल बच गया.
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर यातायात बहाल करा दिया गया है. स्थानीय लोगों ने बताया कि तुड़ी पुल क्षेत्र में सड़क संकरी होने के कारण भारी वाहनों का संतुलन बिगड़ने की संभावना बनी रहती है. पुलिस प्रशासन ने ट्रक चालकों से सावधानी बरतने की अपील की है.

