
उदित वाणी, जमशेदपुर : अनुमंडल सभागार, घाटशिला में 45-घाटशिला (अ.ज.जा.) विधानसभा उपचुनाव 2025 के सभी उम्मीदवारों और उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में सामान्य प्रेक्षक श्रीमती राखी विश्वास, पुलिस प्रेक्षक श्री गजराव भूपल, व्यय प्रेक्षक श्री दिलीप कुमार राठौर, जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री कर्ण सत्यार्थी, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री पीयूष पांडेय, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) और निर्वाची पदाधिकारी 45-घाटशिला निर्वाचन क्षेत्र शामिल हुए.
प्रशिक्षण के दौरान उम्मीदवारों एवं निर्वाचन अभिकर्ताओं को चुनाव प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया गया. इसमें आदर्श आचार संहिता, C-Vigil ऐप, व्यय लेखा संधारण, प्रचार सामग्री का पूर्व प्रमाणीकरण, फॉर्म 17सी, बीएलए नियुक्ति जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई.
सदस्यों को बताया गया कि आचार संहिता के उल्लंघन पर कार्रवाई कैसे की जाती है. C-Vigil ऐप से चुनाव शिकायतों की ऑनलाइन दर्ज प्रक्रिया, निस्तारण व मॉनिटरिंग की जानकारी दी गई. चुनावी व्यय सीमा, लेखा संधारण, व्यय लेखा प्रस्तुतिकरण तथा व्यय प्रेक्षक की जिम्मेदारियों के साथ-साथ मीडिया प्रमाणन एवं निगरानी समिति (MCMC) द्वारा विज्ञापन अनुमोदन और पेड न्यूज की रोकथाम की व्यवस्था भी समझाई गई.
फॉर्म 17सी के महत्व, मतदान केंद्र पर मतगणना, रिकॉर्डिंग प्रक्रिया और बूथ लेवल एजेंट के अधिकार, दायित्व व आचारण संबंधी दिशा-निर्देशों पर भी प्रकाश डाला गया. इस प्रशिक्षण का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता, निष्पक्षता और विधिसम्मत संचालन सुनिश्चित करना था, जिससे उपचुनाव शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित संपन्न हो सके.

