
उदित वाणी, जमशेदपुर : वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने जिले में 22 थाना प्रभारियों के तबादले किए हैं। इस तबादले में कई थानों के प्रभारी बदले गए हैं, ताकि पुलिस व्यवस्था में सुधार और बेहतर कार्य प्रणाली को बढ़ावा दिया जा सके।
गोलमुरी थाना का नया प्रभारी संजय सुमन नियुक्त किए गए हैं, जबकि चंदन कुमार को मानगो थाना का प्रभार सौंपा गया है। बिष्टुपुर थाना का नया प्रभारी कुमार इंद्रेश बनाए गए हैं। कदमा थाना प्रभारी मो अमीर हमजा को कदमा थाने की जिम्मेदारी दी गई है। इस बदलाव में बिष्टुपुर थाना प्रभारी उमेश कुमार ठाकुर को मुसाबनी अंचल निरीक्षक बनाया गया है।
सोनारी थाना प्रभारी सरयू आनंद और गोलमुरी थाना प्रभारी राजन कुमार को साइबर अपराध थाना जमशेदपुर में स्थानांतरित कर पदस्थ किया गया है। कदमा थाना प्रभारी आलोक कुमार दुबे को बिष्टुपुर थाना का नया प्रभारी बनाया गया है। वहीं मानगो यातायात थाना प्रभारी बंधन भगत को साइबर अपराध थाना जमशेदपुर भेजा गया है। जुगसलाई यातायात थाना प्रभारी मधुसूदन दे को सोनारी थाना का प्रभारी बनाया गया है।
साइबर अपराध थाना में कार्यरत प्रवेश चंद्र सिन्हा को कदमा थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। साइबर अपराध थाना के संजय सुमन को गोलमुरी थाना प्रभारी का कार्यभार सौंपा गया है। हरिऔध करमाली को मानगो यातायात थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि संजय जनक मूर्ति को जुगसलाई यातायात थाना प्रभारी के रूप में नियुक्त किया गया है। यह बड़ा फेरबदल पुलिस विभाग की कार्य क्षमता को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

