
उदित वाणी, जमशेदपुर : तिरुलडीह थाना क्षेत्र के बाकरपूड़ी निवासी आठ वर्षीय सौरभ कालिंदी की बुधवार सुबह बालू से लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से दर्दनाक मौत हो गई। सौरभ आंगनबाड़ी में पढ़ाई करता था। सुबह करीब 9 बजे सौरभ घर का सामान लेने के लिए निकला था, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
स्थानीय लोगों ने तुरंत ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचित किया। घायल सौरभ को इलाज के लिए एम जी एम हॉस्पिटल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल बन गया है। परिजनों और ग्रामीणों ने गहरा सदमा व्यक्त किया।
सौरभ के पिता मनोहर कालिंदी ने पुलिस से सख्त कार्रवाई और उचित मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कहा, “मेरा बेटा मासूम था, मेरे बेटे को मारने वाले को बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों को कड़ी सजा मिले ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।” परिजन न्याय की गुहार लगाते हुए प्रशासन से कार्रवाई की अपेक्षा कर रहे हैं।
पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि ट्रैक्टर चालक से पूछताछ जारी है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय लोगों ने भी सड़क सुरक्षा के लिए सख्त नियम लागू करने की मांग की है।

