
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत नवरंग मोहल्ला में रविवार सुबह एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई, जिसने पूरे मोहल्ले में सनसनी मचा दी है। पीड़ित परिवार वर्मा का कहना है कि वे 8 सितंबर को कोर्ट के काम से छत्तीसगढ़ गए थे। इस दौरान उन्होंने अपने घर का ताला बंद कर सुरक्षित रखा था। लेकिन जब परिवार रविवार को लौट कर आया, तो देखा कि घर का ताला तोड़ा गया है और अंदर से करीब 15 लाख रुपये मूल्य का कीमती सामान गायब था।
पीड़िता सोनिया वर्मा ने बताया कि उनका परिवार 12 सितंबर को घर में एक पारिवारिक कार्यक्रम का आयोजन करने वाला था, जिसकी तैयारियां पहले से चल रही थीं। छत्तीसगढ़ से लौटकर जब उन्होंने घर में प्रवेश किया, तो घर का ताला टूटा हुआ पाया। गहनों, इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरणों, और अन्य कीमती सामान की चोरी ने परिवार को पूरी तरह से स्तब्ध कर दिया। परिवार का कहना है कि यह समय उनके लिए बेहद नाजुक था, क्योंकि आने वाले दिनों में घर में कई महत्वपूर्ण आयोजन होने वाले थे।
घटना की सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की प्रक्रिया आरंभ की है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। इसके साथ ही पुलिस ने पड़ोसियों से भी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नवरंग मोहल्ला में इस तरह की बड़ी चोरी की वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कई लोग अपने घरों में सुरक्षा बढ़ाने की मांग करने लगे हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि सभी संभव पहलुओं पर जांच की जा रही है और शीघ्र ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने जनता से भी अपील की है कि यदि किसी ने संदिग्ध गतिविधि देखी हो तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है। इस वारदात ने पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बना दिया है।

