
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के एग्रिको निवासी स्नेहा श्रीवास्तव (32) का सोमवार दोपहर लगभग 2:30 बजे अपने घर में फंदे से लटका शव बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने स्नेहा को फंदे से उतारकर तुरंत टीएमएच अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर फैलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
अस्पताल परिसर में मृतका के परिजन ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। उन्होंने स्नेहा के पति निखिल श्रीवास्तव को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामले में धारा 304 (हत्या) सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए टीएमएच शीत गृह में रखा गया है।
मृतका के भाई अभिषेक श्रीवास्तव ने सिदगोड़ा थाना में पति निखिल श्रीवास्तव, ससुर, ननंद, नंदोसी समेत अन्य पर हत्या और दहेज प्रताड़ना का लिखित आवेदन दिया। अभिषेक के अनुसार, स्नेहा की शादी 2 जून 2017 को टाटा स्टील के पदाधिकारी निखिल श्रीवास्तव से हुई थी। शादी के बाद से ही स्नेहा को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। विशेष रूप से फ्लैट के लिए 20 लाख रुपये न देने पर उसे प्रताड़ना का शिकार बनाया गया।
अभिषेक ने बताया कि स्नेहा ने कई बार ससुराल में हो रहे अत्याचार की शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। परिजनों ने बताया कि स्नेहा गहरे मानसिक तनाव में थी और कई बार मदद की गुहार लगाई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की दिशा में कदम उठाना शुरू कर दिया है।

