
उदित वाणी, जमशेदपुर: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नीतिश नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई बैठक में दुर्गा पूजा एवं विजयादशमी पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई. बैठक में मुख्य रुप से पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के निदेशक (आरडीए) डॉ० अजय तिर्की, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे.
समन्वित रुप से काम करें सभी पदाधिकारी: नीतीश कुमार सिंह
उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने निर्देश दिया कि जिला में दुर्गा पूजा एवं विजयादशमी का पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए सभी विभागीय पदाधिकारी समन्वित रूप से कार्य करने का निर्देश दिए. साथ हीं प्रत्येक पूजा पंडाल का सत्यापन करने और प्रतिमा विसर्जन हेतु निर्धारित तिथि एवं जुलूस मार्ग का अनिवार्य रुप से भौतिक सत्यापन करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने नगर निकायों द्वारा साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था की सुदृढ़ व्यवस्था करने, सभी पंडालों में फर्स्ट ऐड बॉक्स, अग्नि सुरक्षा उपकरण एवं सहायता केंद्र उपलब्ध कराने, महिलाओं एवं पुरुषों के लिए पृथक प्रवेश-निकास व्यवस्था करने तथा अस्थायी शौचालय, पेयजल एवं अन्य नागरिक सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था करने का निर्देश भी दिया.
संवेदनशील स्थानों पर तैनात होंगे पर्याप्त पुलिस बल व दंगा निरोधक वाहन: मुकेश लुणायत
पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत ने कहा कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल, दंगा-निरोधक वाहन, वाटर कैनन एवं अन्य सुरक्षा उपकरण तैनात किए जाएँगे. भीड़ नियंत्रण के लिए फ्लैग मार्च, पेट्रोलिंग एवं मॉक ड्रिल आहूत किया जाएगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि डीजे अथवा अश्लील/उत्तेजक गीतों का प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा और केवल धार्मिक एवं भक्ति गीत ही बजाए जाएँगे. अवैध शराब एवं नशीले पदार्थों की रोकथाम हेतु विशेष अभियान चलाया जाएगा तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी.
विधि व्यवस्था नागरिक सुविधा से संबंधित कार्य समयबद्ध तरीके से संपन्न कराएं पदाधिकारी: उपायुक्त
उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को विधि-व्यवस्था एवं नागरिक सुविधा से संबंधित सभी कार्य समयबद्ध रूप से संपन्न कराने का निर्देश जारी, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो और दुर्गा पूजा एवं विजयादशमी पर्व का आयोजन पूर्णतः शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो.

