
उदित वाणी, जमशेदपुर : कपाली इस्लामनगर वार्ड नंबर-4 से सोमवार तड़के करीब 4 बजे दो घरों में चोरी की घटनाएं सामने आईं। यह क्षेत्र पिछले 24 घंटे में दूसरी बार चोरी की वारदात का शिकार बना है। पुलिस के अनुसार, चोरों ने पहले घर से दो स्मार्टफोन और दूसरे घर से एक बटन वाला मोबाइल फोन चोरी किया। चोरी की गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 30 से 35 हजार रुपये बताई जा रही है।
पीड़ित परिवार ने आशंका जताई है कि चोरी बगल में रहने वाले कुछ युवकों ने की है। उनका यह मानना है कि मौके से मिली चप्पल उसी क्षेत्र के किसी युवक की हो सकती है। चोरी के दौरान एक घर में सो रहे व्यक्ति की नींद खुल गई, जिन्होंने चोर को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपी भागने में सफल रहा।
स्थानीय लोग इस मामले को लेकर बेहद चिंतित हैं। उनका कहना है कि लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिससे इलाके में सुरक्षा की स्थिति पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने प्रशासन और पुलिस से अपील की है कि इस प्रकार की घटनाओं पर जल्द प्रभावी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में बड़ी चोरी से बचा जा सके।
पीड़ित परिवार ने बताया कि वे जल्द ही कपाली ओपी में लिखित शिकायत दर्ज कराएंगे। पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। साथ ही पुलिस ने लोगों से भी सहयोग की अपील की है।
स्थानीय प्रशासन को स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द ऐसी घटनाओं पर नियंत्रण करना जरूरी है ताकि आम लोगों का भरोसा बना रहे और सुरक्षा सुनिश्चित हो।

