
उदित वाणी, जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के जेपी रोड स्थित अनिल कुमार सिंह के मकान में मंगलवार की शाम एक महिला के फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 33 वर्षीय सुनीता पात्रो के रूप में हुई है, जो पिछले डेढ़ साल से मकान में किराए पर रह रही थी।
जानकारी के अनुसार मंगलवार की शाम सुनीता ने कमरे के अंदर फांसी लगा ली। सूचना पाकर बागबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। देर रात लगभग 11 बजे पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी की। इसके बाद बुधवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया गया।
इधर, मृतका के बेटे राज पात्रो ने इस घटना पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उसने कहा कि उसकी मां ने आत्महत्या नहीं की है, बल्कि उसकी हत्या की गई है। बेटे ने मकान मालिक शैलेंद्र कुमार सिंह पर शक जताया है और पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सुनीता का अपने पति से विवाद होने के कारण वह पिछले कुछ समय से बच्चों के साथ अलग रह रही थी। उसके तीन बच्चे हैं, जिनकी परवरिश वह खुद कर रही थी। अचानक फांसी लगाने की खबर से स्थानीय लोग स्तब्ध रह गए।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। आसपास के लोगों का कहना है कि सुनीता शांत स्वभाव की महिला थी और वह अपने बच्चों के लिए हमेशा चिंतित रहती थी।
पुलिस ने बेटे द्वारा लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
