
उदित वाणी, जमशेदपुर : पटमदा थाना क्षेत्र के चंपी गांव के निवासी सुनील सिंह (25) की सांप काटने से मौत हो गई। सुनील पटमदा कॉलेज में स्नातक पार्ट-वन का छात्र था और घर का इकलौता बेटा था। रविवार रात (31 अगस्त) सोने के दौरान एक जहरीले चीती सांप ने उसकी गर्दन के पीछे काट लिया। परिजन उस समय गहरी नींद में थे, इसलिए घटना का पता नहीं चल सका।
सुबह जब सुनील की हालत बिगड़ी और उसके शरीर पर सांप के काटने का निशान देखा गया, तो आनन-फानन में परिजन उसे एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सुनील के पिता-पिता बेसुध हो गए और मां का रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार की आर्थिक स्थिति भी साधारण बताई जा रही है।
सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। गांव में गमगीन माहौल के बीच सुनील का अंतिम संस्कार किया गया।
इधर, घटना से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों में सांपों का खतरा बढ़ जाता है और ऐसे मामलों से निपटने के लिए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। लोगों ने मांग की है कि गांव-गांव में प्राथमिक उपचार की व्यवस्था, स्वास्थ्य केंद्रों में एंटी-स्नेक वेनम की पर्याप्त उपलब्धता और जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि भविष्य में किसी और मासूम की जान सांप के काटने से न जाए।
ग्रामीणों का मानना है कि यदि समय पर सही इलाज और दवा मिल जाती तो सुनील की जान बच सकती थी। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है।

