
उदित वाणी, जमशेदपुर : डिमना चौक स्थित एमजीएम अस्पताल में रविवार की शाम एक मरीज की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, पश्चिमी सिंहभूम चक्रधरपुर कुरुलिया निवासी रघुनाथ मुंडा (50) ने कथित रूप से चौथे तल्ले से कूदकर जान दे दी। घटना शाम करीब चार बजे की बताई जा रही है।
रघुनाथ 21 अगस्त को दस्त और पेट दर्द की शिकायत पर इमरजेंसी विभाग में भर्ती हुए थे। अगले दिन उन्हें चौथे तल्ले स्थित मेडिसिन वार्ड के बेड नंबर 518 पर शिफ्ट किया गया। परिजनों के मुताबिक, 23 अगस्त की रातभर वह बेचैनी में सो नहीं सका। उसके बगल वाले मरीज विष्णु पदो ने बताया कि रविवार सुबह नौ बजे रघुनाथ अचानक बेड से उठकर कहीं चले गए। उस वक्त उनकी पत्नी दामंती मुंडा नीचे किसी काम से गई हुई थीं।

काफी खोजबीन के बावजूद मरीज का पता नहीं चला। दोपहर करीब तीन बजे अस्पताल कर्मियों ने देखा कि एक मरीज ग्राउंड फ्लोर और बालकनी के बीच गिरा पड़ा है। सूचना पर होमगार्ड जवान और अधीक्षक डॉ. आरके मंधान मौके पर पहुंचे। रघुनाथ को इमरजेंसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृत्यु को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। चौथे तल्ले से गिरने पर गंभीर चोटें आने की संभावना रहती है, परंतु मृतक के शरीर पर वैसे घाव नहीं मिले। इसी कारण उसकी मौत को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं व्यक्त की जा रही हैं। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, रघुनाथ शराब के आदी थे और चार दिनों से उसे शराब नहीं मिली थी, जिससे वह बेचैन था। डॉक्टरों का कहना है कि उसकी मानसिक स्थिति भी अस्थिर प्रतीत हो रही थी।
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत की असली वजह रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

