
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर रोड नंबर-15 स्थित श्रीकृष्ण उद्यान कॉम्प्लेक्स में बुधवार सुबह चोरी की कोशिश का मामला प्रकाश में आया। स्थानीय लोगों ने संदिग्ध हालात में दो युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक कॉम्प्लेक्स के एक फ्लैट के पीछे से गेट काटकर अंदर घुसने का प्रयास कर रहे थे। आरोप है कि उनका इरादा घर से पंखा चोरी करने का था। तभी फ्लैट में मौजूद महिला की नींद खुल गई और उसने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग जाग गए और मौके पर पहुंचकर दोनों को दबोच लिया। पकड़े गए युवकों की पहचान हसनैन और शिवम मिश्रा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, हसनैन इसी कॉम्प्लेक्स के गोविंदा ब्लॉक की छठी मंजिल पर रहता है, जबकि शिवम मिश्रा पहले यहां किराए पर रह चुका है। हालांकि, हसनैन का कहना है कि वह अपने ही फ्लैट में जा रहा था, तभी लोगों ने उसे पकड़ लिया। दूसरी ओर, स्थानीय लोगों का दावा है कि दोनों चोरी की नीयत से परिसर में दाखिल हुए थे।
घटना की सूचना पर मानगो पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। पूछताछ और तथ्यों के आधार पर ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉम्प्लेक्स परिसर में पिछले कुछ दिनों से संदिग्ध गतिविधियां देखी जा रही थीं। लोगों का मानना है कि यदि समय रहते सतर्कता नहीं बरती जाती, तो घटना गंभीर हो सकती थी। इस घटना ने निवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। लोगों ने पुलिस से रात के समय गश्ती बढ़ाने और कॉम्प्लेक्स की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

