
उदित वाणी, जमशेदपुर : साइबर अपराध थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित ठगी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना पर हुई छापामारी में थाना क्षेत्र से दो अपराधी पकड़े गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के नाम राहुल भकत (22 वर्ष), ग्राम छोटा गोविंदपुर, थाना परसुडीह तथा उत्तम भकत (21 वर्ष), ग्राम काला पाथर, थाना जादूगोड़ा, जिला पूर्वी सिंहभूम बताए गए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह गिरोह गांव-गांव जाकर भोले-भाले लोगों से बैंक खाते खुलवाता और उन खातों को अन्य अपराधियों को बेच देता था। इसके बाद खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी में किया जाता था। गिरोह टेलीग्राम एप और व्हाट्सएप के जरिए शिकार तलाशता और जालसाजी को अंजाम देता था। गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि पूरे गिरोह का संचालन महावीर भकत और मलय भकत करते हैं। इनके साथ प्रीतिश राज, मनातोश भकत, उज्ज्वल प्रामाणिक और अमित भकत भी सक्रिय हैं।
ठगी के इस धंधे में पैसों का बंटवारा भी तय था। दिनभर की कमाई में से 10 प्रतिशत राहुल और उत्तम को दिया जाता, जिसमें से वे 5 प्रतिशत उन खाताधारकों को लौटाते थे, जिनसे खाता लिया गया था। शेष रकम गिरोह के अन्य सदस्यों के बीच बंटती थी।
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार दोनों युवकों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल (एनसीसीआरपी) पर कुल 13 मामले दर्ज हैं।
छापामारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से रेडमी और ओप्पो कंपनी के दो स्मार्ट मोबाइल फोन तथा जियो कंपनी के तीन सिम कार्ड बरामद किए हैं। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दबिश लगातार जारी है।

