
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में छेड़खानी की घटनाओं ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बीते दो दिनों में मानगो, गोलमुरी और आजादनगर थानों में अलग-अलग मामलों में पीड़ित महिलाओं ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। आरोपियों पर घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट और छेड़खानी करने का आरोप लगाया गया है। हालांकि, पुलिस ने अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मानगो थाना क्षेत्र की घटना
मानगो में दर्ज मामले के अनुसार, 15 अगस्त की शाम करीब 7 बजे महिला के घर में आरोपी यशवंत ठाकुर, विनय ठाकुर, प्रतीमा ठाकुर देवी, सुषमा देवी और एक अन्य घुस आए। शिकायत में कहा गया है कि सभी ने मिलकर पहले गाली-गलौज की, फिर विरोध करने पर पीड़िता के साथ मारपीट की और छेड़खानी की। घटना के बाद महिला ने थाने में मामला दर्ज कराया है।
गोलमुरी थाना क्षेत्र का मामला
दूसरी घटना 16 अगस्त को दोपहर करीब 2 बजे गोलमुरी के गुरुनानक टावर में घटी। यहां महिला ने थाने में शिकायत दी है कि आरोपी परमजीत सिंह उर्फ टीटू सिंह उर्फ सपिंदर सिंह, उसका बेटा और अन्य चार लोग जबरन घर में घुस आए। आरोप है कि सभी ने महिला के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़खानी की। घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच नाराजगी देखी जा रही है।
आजादनगर थाना क्षेत्र की घटना
इसी दिन आजादनगर थाना क्षेत्र के पुरुलिया रोड में भी महिला ने शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि आरोपी अनीस खान, आरीफ खान और नसरीन घर में घुसे और मारपीट करने के साथ छेड़खानी भी की। घटना दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है।
तीनों मामलों को लेकर पुलिस जांच में जुटी है। थाना प्रभारियों ने बताया कि घटनाओं की छानबीन की जा रही है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की संलिप्तता साबित होते ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर शहरवासियों को चिंतित कर दिया है।

