
उदित वाणी, जमशेदपुर : बोड़ाम थाना क्षेत्र के डिमना लेक से सटे मिर्जाडीह हाट के समीप शनिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब स्थानीय लोगों ने पुलिया के नीचे एक अज्ञात व्यक्ति का शव देखा। तुरंत इसकी सूचना बोड़ाम थाना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया।
मृतक की शिनाख्त अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने आसपास मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों से पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। थाना प्रभारी ने बताया कि आसपास के थानों में लापता व्यक्तियों की जानकारी मंगाई गई है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि किसी को मृतक की पहचान या उसके बारे में कोई सूचना मिले तो तुरंत थाने को सूचित करें।
स्थानीय लोगों में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कोई इसे दुर्घटना मान रहा है, तो कुछ हत्या या आत्महत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया सभी संभावनाओं पर जांच की जा रही है। मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।
ग्रामीणों ने बताया कि डिमना लेक क्षेत्र में पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिससे लोग दहशत में हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है।

