
उदित वाणी, जमशेदपुर : बुधवार देर रात सोनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत एयरपोर्ट के समीप एक तेज रफ्तार नीले रंग की रांची रजिस्टर्ड बलेनो कार (जेएच 01 डीएल 8942) अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में टेंपो सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि टेंपो चालक को भी चोटें आईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक अविनाश कुमार, जो उर्थ इंडिया कंपनी में कार्यरत है, अत्यधिक नशे की हालत में था। कार से शराब की बोतल भी बरामद हुई, जिससे ड्रिंक एंड ड्राइव की पुष्टि हुई। बताया गया कि तेज रफ्तार में नियंत्रण खोने के बाद कार ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर में टेंपो सवार महिला को गंभीर चोटें आईं। पहले उन्हें एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत नाजुक होने पर तुरंत टीएमएच रेफर कर दिया गया। टेंपो चालक ओम प्रकाश को भी प्राथमिक उपचार के लिए एमजीएम भेजा गया। कार चालक को मामूली चोटें आईं, लेकिन उसकी नशे की हालत के चलते पुलिस ने मौके पर ही हिरासत में ले लिया।
घटनास्थल पर स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद की और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और टेंपो को जब्त कर लिया है। सोनारी थाना प्रभारी ने बताया कि अविनाश कुमार के खिलाफ ड्रिंक एंड ड्राइव, लापरवाह वाहन संचालन और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है। साथ ही घायलों का इलाज जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

