
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र के वृंदावन अपार्टमेंट के गेट के पास सोमवार शाम एक महिला से चेन छिनतई की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। पीड़िता मीरा नारायण ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
मीरा नारायण ने पुलिस को बताया कि वह वृंदावन अपार्टमेंट में रहती हैं। सोमवार शाम वह बाजार से सब्जी लेकर लौट रही थीं। जैसे ही वह अपार्टमेंट के गेट के पास पहुंचीं, बाइक पर सवार दो युवकों ने उनके गले से 14 ग्राम का सोने का चेन झपट लिया और तेज रफ्तार से फरार हो गए। महिला के अनुसार दोनों बदमाश हेलमेट पहने हुए थे, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी। घटना इतनी तेजी से हुई कि वह कुछ समझ ही नहीं पाईं और युवक आंखों से ओझल हो गए।
घटना के बाद महिला सदमे में आ गईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सोनारी थाना की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। वहीं पुलिस ने दावा किया है कि अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

