
उदित वाणी जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के जवाहर नगर रोड नंबर 14 में शनिवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस ने तीन अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार किया, जिनमें एक युवती भी शामिल है। पुलिस ने इनके पास से दो हथियार बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में कलीम खान, अजहर उर्फ बाबू और आमिर खान शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, हाल ही में सरायकेला-खरसावां जिले से एक व्यवसाई का अपहरण किया गया था। अपराधियों ने कुछ घंटों बाद व्यवसाई को छोड़ तो दिया, लेकिन उसकी रिहाई के एवज में परिजनों से 2 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। मोबाइल लोकेशन और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए आरोपियों का पता लगाया गया। लोकेशन मानगो के रोड नंबर 14 में मिलने पर शनिवार रात भारी पुलिस बल के साथ इलाके की घेराबंदी की गई।
जैसे ही पुलिस ने संदिग्ध मकान को चारों ओर से घेरा, अपराधियों ने पहले एक पिस्टल खिड़की से बाहर फेंककर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। इसके बाद उन्होंने दूसरा हथियार लोड कर पुलिस पर दो राउंड फायरिंग की। पुलिस ने संयम दिखाते हुए जवाबी कार्रवाई की और तीनों आरोपियों को सकुशल गिरफ्तार कर लिया। मकान से एक युवती भी पकड़ी गई, जो अपहरण की साजिश में शामिल पाई गई।
घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। मौके पर एसपी सिटी कुमार शिवाशीष सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे। देर रात तक सघन तलाशी अभियान जारी रहा। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ में अपहरण कांड के पीछे की साजिश, शामिल अन्य लोगों के नाम और फिरौती की योजना से जुड़ी अहम जानकारियां मिलने की उम्मीद है। जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।
