
उदित वाणी, झारखंड : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को विशेष विमान से देवघर पहुंचीं। बाबानगरी स्थित एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया, जिसमें राज्यपाल, मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह, AIIMS निदेशक डॉ. सौरभ वार्ष्णेय सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और विशिष्ट जन उपस्थित थे।
राष्ट्रपति का यह दौरा देवघर के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है, क्योंकि वे देवघर AIIMS में आयोजित पहले दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस अवसर पर MBBS की पढ़ाई पूरी करने वाले छात्रों को राष्ट्रपति के हाथों उपाधियां और मेडल प्रदान किए जाएंगे।
यह समारोह AIIMS देवघर के लिए गौरवपूर्ण क्षण है, और राष्ट्रपति इस दौरान संस्थान की उपलब्धियों की सराहना करेंगी। साथ ही, वे झारखंड में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में AIIMS की भूमिका को भी रेखांकित करेंगी।
दीक्षांत समारोह में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारी और अन्य विशिष्ट अतिथि भी मौजूद रहेंगे।

