
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र स्थित महादेवबाbलोनी गुरुवार की शाम अचानक अफरा-तफरी का केंद्र बन गया, जब पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई. इस घटना के बाद कॉलोनी में तनावपूर्ण माहौल बन गया. दोनों पक्ष के लोग देर रात मानगो थाना पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया.
पहला मामला महादेवबाग कॉलोनी निवासी मनीष कुमार शर्मा की ओर से दर्ज कराया गया है। मनीष का आरोप है कि गुरुवार की शाम करीब 7:30 बजे एमएस सहाय, शशि कुमार सहाय और अभिजीत कुमार जबरन उनके घर में घुस आए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर इन लोगों ने मारपीट की, जिससे मनीष को चोटें भी आईं। मनीष ने आरोप लगाया कि यह हमला पूर्व की रंजिश के तहत किया गया.
वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से शशि कुमार सहाय ने मनीष शर्मा, मंजू शर्मा और आशीष शर्मा पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया है। शशि कुमार सहाय के अनुसार, वे लोग बात करने के लिए गए थे, लेकिन वहां पर मौजूद लोगों ने अचानक हमला कर दिया। उन्होंने भी चोटिल होने का दावा किया है.
घटना की सूचना मिलते ही मानगो पुलिस हरकत में आई और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। समाचार लिखे जाने तक किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई थी। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इन दोनों परिवारों के बीच पहले से ही मनमुटाव चला आ रहा था और कई बार छोटी-मोटी नोकझोंक होती रही है। गुरुवार को मामला अचानक हाथापाई तक पहुंच गया। फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य है लेकिन ऐहतियातन पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस दोनों पक्षों से साक्ष्य जुटाकर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.

