
उदित वाणी, आदित्यपुर: गम्हरिया स्टेशन रोड स्थित एक भूखंड को लेकर भूमि विवाद सामने आया है. कदमा फॉर्म एरिया, मार्ग संख्या-05 निवासी केदारनाथ तिवारी ने स्व. रथु दास के रिश्तेदारों पलटू दास आदि पर भूखंड पर अवैध कब्जा करने और घेराबंदी के अंदर घुसकर अशांति फैलाने का आरोप लगाया है.
श्री तिवारी ने इस संबंध में जिला उपायुक्त को लिखित शिकायत सौंपी है और मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है. शिकायत की प्रति राज्य के भू-राजस्व मंत्री दीपक बिरुआ, पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उपसमाहर्ता, आदित्यपुर थाना प्रभारी और गम्हरिया अंचलाधिकारी को भी भेजी गई है.
शिकायत पत्र के अनुसार, विवादित भूमि बड़ा गम्हरिया मौजा में स्थित है. यह भूमि खाता संख्या 561/2 (पुराना) व 1107 (नया) तथा प्लॉट संख्या 2546 (पुराना) व 3169 (नया) में दर्ज है, जिसका कुल क्षेत्रफल 72 डिसमिल है.
यह भूमि टाटा स्टील के कुछ कर्मचारियों ने सुदर्शन सत्पथी, पिता-स्व. चक्रधर सत्पथी से खरीदी थी. सुदर्शन सत्पथी ने यह जमीन खतियानधारी स्व. रथु दास से खरीदी थी. इसका रजिस्ट्री डीड संख्या 1123, दिनांक 18 अप्रैल 1963 है.
श्री सत्पथी द्वारा संबंधित भूमि का नियमित रूप से लगान भी जमा किया जा रहा है. इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा जबरन कब्जा करने की कोशिश से तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है. फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच की प्रतीक्षा की जा रही है.

