
उदित वाणी, कांड्रा: कांड्रा स्थित ओसीएल आयरन एंड स्टील लिमिटेड, रतनपुर में मजदूरों ने नीलाचल वर्कर्स यूनियन के पदाधिकारियों को सम्मानित किया. वेतन बढ़ौतरी समेत कई बिंदुओं पर ऐतिहासिक समझौते के बाद यूनियन के महामंत्री तपन कुमार मंडल, उपाध्यक्ष राजा टुडू, कोषाध्यक्ष बुद्धेश्वर मंडल, और सहसचिव भीम मांझी को बारी-बारी से मिठाई खिलाते हुए माला पहनाकर सम्मानित किया गया.
यूनियन के पदाधिकारियों ने मजदूरों को संयम, सहयोग और एकजुटता के लिए धन्यवाद दिया और कर्मचारियों के हित में बेहतर काम करने की प्रतिबद्धता जताई. महामंत्री तपन मंडल और उपाध्यक्ष राजा टुडू ने कर्मचारियों को कंपनी की प्रगति और लक्ष्य की प्राप्ति के लिए पूरी ईमानदारी और लगन के साथ काम करने के लिए प्रेरित किया.
इस मौके पर विवेक पाठक, बुजलु मंडल, अभिराम मंडल, तपन प्रमाणिक, नारान टुडू, सुनील टुडू, अंगद प्रमाणिक, रुपाय टुडू, उदय टुडू, हरीश बारिक समेत काफी संख्या में कामगार उपस्थित थे.

