
उदित वाणी, जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र में बुधवार की देर शाम पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 230 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया. गिरफ्तार युवक का नाम गोविंदा डे है जो गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत आकाशदीप प्लाजा के पीछे का रहने वाला है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गुरुवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है.
पुलिस को यह सफलता उस वक्त मिली जब उलीडीह थाना को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि डिमना चौक के पास खुलेआम गांजा की खरीद-बिक्री की जा रही है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी के निर्देश पर एसआई रविंद्र पांडेय के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर पूरे इलाके को चारों ओर से घेर लिया.इस दौरान पुलिस को देख आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे दौड़ाकर धर दबोचा.
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से कुल 230 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसे वह बिक्री के उद्देश्य से डिमना चौक लाया था. पूछताछ में गोविंदा डे ने गांजा बेचने की बात स्वीकार की है.पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी गांजा की सप्लाई कहां से करता था और किन लोगों को बेचता था. फिलहाल उसके मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है और इसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है.
उलीडीह थाना प्रभारी ने बताया कि मादक पदार्थ के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इलाके में किसी भी तरह की नशाखोरी या नशे का धंधा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि यदि उन्हें किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी हो, तो वे तत्काल पुलिस को सूचना दें.

