
उदित वाणी, जमशेदपुर: थाईलैंड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय स्ट्रेंथलिफ्टिंग और इनक्लाइन बेंच प्रेस चैंपियनशिप 2025 में दो स्वर्ण पदक जीतकर लौटी मानगो की बेटी स्नेहा कुमारी का सोमवार को टाटानगर रेलवे स्टेशन पर जोरदार स्वागत किया गया. भाजपा नेताओं और स्थानीय समर्थकों ने स्नेहा का माल्यार्पण कर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया.
पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार और ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष सागर राय के नेतृत्व में यह स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान स्टेशन परिसर में ‘भारत माता की जय’ और ‘स्नेहा तुम आगे बढ़ो, हम तुम्हारे साथ हैं’ जैसे नारों से माहौल गूंज उठा.
दिनेश कुमार ने इस अवसर पर राज्य सरकार और जिला प्रशासन पर नाराजगी जताते हुए कहा, *“राज्य की बेटी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर न सिर्फ झारखंड बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है. इसके बावजूद किसी भी सरकारी अधिकारी या खेल पदाधिकारी ने स्वागत के लिए आना जरूरी नहीं समझा.यह मौजूदा सरकार की खिलाड़ियों के प्रति उदासीनता को दर्शाता है.
उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं के साथ खड़ी रही है. स्नेहा जैसी होनहार बेटियों को हर मंच पर उचित सम्मान दिलाया जाएगा.
इस मौके पर स्नेहा के पिता कामेश्वर ठाकुर, भाई सौरव ठाकुर और उनके मित्रगण भी उपस्थित थे.परिजनों की आंखों में खुशी और गर्व साफ झलक रहा था. स्नेहा ने भी सभी के प्रेम और समर्थन के लिए आभार जताया.
स्वर्ण पदक जीतने के बाद स्नेहा अब आने वाले राष्ट्रीय और एशियाई टूर्नामेंट्स की तैयारी में जुटने वाली हैं.उनका सपना है कि एक दिन ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करें.

