
उदित वाणी, जमशेदपुर : सुंदरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित भोगल इंजीनियरिंग कंपनी में चोरी की कोशिश करते हुए एक व्यक्ति को कंपनी मालिक ने रंगेहाथ पकड़ लिया. पकड़ा गया व्यक्ति कोई और नहीं, बल्कि कंपनी का पूर्व चौकीदार नाथु तियू था, जिसे कुछ महीने पहले ही कार्यमुक्त किया गया था. घटना के बाद आरोपी को स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, भोगल इंजीनियरिंग कंपनी लंबे समय से बंद है, लेकिन इसके बावजूद पिछले कुछ महीनों से भीतर चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं. कंपनी प्रबंधन को संदेह था कि कोई जानकार व्यक्ति ही इन घटनाओं को अंजाम दे रहा है. इस क्रम में 2 जून की दोपहर करीब तीन बजे कंपनी मालिक लखबीर सिंह भोगल जब परिसर में पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि नाथु तियू कंपनी के अंदर से सामान निकालकर अपनी स्कूटी में लाद रहा है. उन्होंने तुरंत शोर मचाया और पीछा कर उसे दबोच लिया.
पकड़े जाने के बाद नाथु को तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया गया. पूछताछ में उसने पहले तो अनभिज्ञता जताई, लेकिन बाद में चोरी की कोशिश करना स्वीकार कर लिया. पुलिस सूत्रों के अनुसार, नाथु तियू पूर्व में कंपनी का चौकीदार था और उसे 25 अप्रैल 2025 को सेवा से मुक्त कर दिया गया था.
कंपनी मालिक लखबीर सिंह भोगल ने पुलिस को दिए अपने बयान में कहा कि जब नाथु तियू कंपनी में चौकीदार था, तब भी चोरी की घटनाएं होती थीं. पूछने पर वह हमेशा अनजान बना रहता था. इससे तंग आकर कंपनी ने उसे काम से हटा दिया था.
पुलिस को यह भी आशंका है कि नाथु तियू का एक छोटा गैंग हो सकता है, जो सुनसान पड़ी फैक्ट्री को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता हो. पुलिस ने इस पहलू पर भी जांच शुरू कर दी है. फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है.
पुलिस ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा.
