
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागुनहातू में रविवार रात एक गंभीर आगजनी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. अज्ञात शरारती तत्वों ने गीता नायक के घर की पार्किंग में खड़ी गाड़ियों में आग लगा दी, जिससे पार्किंग में खड़े वाहन और साइकिलें जलकर पूरी तरह राख हो गईं. यह घटना देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है.
पत्थरबाज़ी के बाद लगी आग
पीड़िता गीता नायक के परिजनों के अनुसार, रात के समय घर में सभी लोग सो रहे थे, तभी अचानक किसी ने घर पर पत्थर मारा. पत्थर की आवाज़ सुनकर घरवाले जाग गए और बाहर निकलकर देखा तो पार्किंग एरिया में तेज़ आग धधक रही थी. जब तक वे कुछ समझ पाते, आग ने विकराल रूप ले लिया और पार्किंग में खड़े वाहन आग की चपेट में आ गए.
दमकल की देर से पहुंच, स्थानीय लोगों ने किया विरोध
सूचना मिलने पर परिजनों ने तत्काल दमकल विभाग और पुलिस को फोन कर मदद की गुहार लगाई, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि दमकल की गाड़ी मौके पर देर से पहुंची. इस देरी के कारण आग पूरी तरह फैल चुकी थी और गाड़ियां जलकर खाक हो गई थीं. अग्निशमन कर्मियों ने बाद में आग पर काबू तो पा लिया, लेकिन तब तक भारी क्षति हो चुकी थी.
जलकर राख हुईं गाड़ियां और साइकिलें
इस आगजनी की घटना में पार्किंग में खड़े एक दोपहिया वाहन, एक स्कूटी, एक साइकिल और अन्य सामग्री जलकर पूरी तरह बर्बाद हो गई. गीता नायक के परिवार का कहना है कि यह घटना पूरी तरह पूर्व नियोजित प्रतीत होती है और इसकी साजिश किसी शरारती समूह द्वारा रची गई है.
पीड़ित परिवार ने सरकार से मुआवजे की मांग की
गीता नायक के परिवार ने इस घटना को लेकर दुख और चिंता जताई है. उनका कहना है कि जो संपत्ति जलकर नष्ट हुई है, उसकी भरपाई अब संभव नहीं, लेकिन सरकार को चाहिए कि उन्हें उचित मुआवजा दे और सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हो.
पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगालने की तैयारी
सिदगोड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोषियों की पहचान कर उन्हें कानून के शिकंजे में लाया जाएगा.
