
उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर महानगर के अंतर्गत कमलपुर मंडल में सोमवार को ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन मंडल कार्यालय परिसर में किया गया. सभा का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए नागरिकों को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना रहा.
विचारों की मशाल बने कुलवंत सिंह बंटी
सभा की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष प्रधान चंद्र महतो ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कुलवंत सिंह बंटी ने विचार प्रकट किए. उनके साथ मंडल प्रभारी सह महानगर उपाध्यक्ष प्रदीप बेसरा तथा पूर्व जिला उपाध्यक्ष संदीप मिश्रा भी मंच पर उपस्थित रहे. अपने संबोधन में बंटी ने केंद्र सरकार की 11 वर्षों की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि किस प्रकार भारत ने आधारभूत संरचना, महिला सशक्तिकरण, गरीब कल्याण योजनाओं और आत्मनिर्भरता की दिशा में अभूतपूर्व प्रगति की है.
25 करोड़ लोगों को गरीबी से मुक्ति: एक ऐतिहासिक उपलब्धि
कुलवंत सिंह बंटी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी पहचान मजबूत की है. उन्होंने बताया कि विगत 11 वर्षों में 25 करोड़ से अधिक नागरिक गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं, जो सरकार की दूरदर्शी नीतियों की सफलता का परिचायक है. उन्होंने यह भी कहा कि अब समय है कि हर नागरिक देश के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करे और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को आत्मसात करे.
राष्ट्रनायकों को किया नमन
सभा की विधिवत शुरुआत भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई. इस भावपूर्ण क्षण ने उपस्थित कार्यकर्ताओं में राष्ट्रभक्ति और समर्पण की भावना को और प्रबल किया.
मंच संचालन और सहभागिता
सभा का संचालन पूर्व जिला उपाध्यक्ष संदीप मिश्रा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मधुसूदन महतो द्वारा प्रस्तुत किया गया. कार्यक्रम में परिलक्षित महतो, मनिन्द्र मिश्रा, रामनाथ केवर्तो, मनोज पाल, संजय प्रमाणिक, अजीत दास, प्रशांत मिश्रा सहित मंडल के कई पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्षगण एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।