उदित वाणी, जमशेदपुर: भाजपा जमशेदपुर रानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती को भव्य और संकल्पबद्ध तरीके से मनाने की तैयारी कर रही है। इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए पार्टी 21 से 31 मई तक “अहिल्याबाई होल्कर स्मृति अभियान” चला रही है. इस अभियान को लेकर मंगलवार को साकची स्थित जिला कार्यालय में भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला पदाधिकारी एवं विभिन्न मोर्चों के जिलाध्यक्षगण मौजूद थे। सभी ने कार्यक्रम की सफलता हेतु सुझाव दिए और आयोजन की रूपरेखा तय की गई।
भव्य जयंती समारोह का होगा आयोजन
निर्णय लिया गया कि आगामी 21 मई, बुधवार को शाम 4:30 बजे बिस्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में एक भव्य जयंती समारोह आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी होंगे।
लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का गौरवपूर्ण इतिहास
जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर को धर्म, न्याय और राष्ट्रधर्म की जीवंत मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई ने भारतीय सनातन संस्कृति को पुनर्स्थापित करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। विदेशी आक्रांताओं के दौर में उन्होंने काशी से लेकर रामेश्वरम तक कई तीर्थस्थलों का पुनरुद्धार कर देश और संस्कृति की सेवा की, जो इतिहास में अनूठा उदाहरण है।
उन्होंने बताया कि शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार पूरे झारखंड में अहिल्याबाई होल्कर जयंती को बड़े उत्साह से मनाया जा रहा है। जमशेदपुर में इस अवसर पर 21 मई को आयोजित कार्यक्रम में महानगर के सभी मंडलों से कार्यकर्ता अपने-अपने मंडल अध्यक्षों के नेतृत्व में भाग लेंगे। इसके अलावा पार्टी के वरिष्ठ नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और बुद्धिजीवी भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। सुधांशु ओझा ने भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से अपील की कि वे इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर इसे सफल बनाएं।
बैठक में मौजूद रहे कई वरिष्ठ नेता
बैठक में जिला उपाध्यक्ष संजीव सिन्हा, जिला महामंत्री अनिल मोदी, संजीव सिंह, जिला मंत्री विजय तिवारी, मिली दास, भाजयुमो अध्यक्ष नीतीश कुशवाहा, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष सागर राय, महिला मोर्चा अध्यक्ष नीलू मछुआ, एसटी मोर्चा अध्यक्ष रमेश बास्के, एससी मोर्चा अध्यक्ष पोरेश मुखी, सोशल मीडिया संयोजक ज्ञान प्रकाश, सह संयोजक कौस्तव राय, अमित सिंह, आईटी सेल सह संयोजक किशोर ओझा और सह कार्यालय मंत्री संजीत चौरसिया समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।