उदित वाणी, चाईबासा : झारखंड के डीजीपी अनुराग गुप्ता सोमवार को पश्चिमी सिंहभूम दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने जिले में संचालित नक्सल विरोधी अभियान की समीक्षा की. इस दौरान पुलिस महानिरीक्षक सीआरपीएफ झारखण्ड सेक्टर साकेत कुमार सिंह, पुलिस महानिरीक्षक दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र अखिलेश कुमार झा, पुलिस महानिरीक्षक अभियान आमोल विनुकांत होमकर, पुलिस महानिरीक्षक झारखण्ड जगुआर अनुप बिरथरे, पुलिस उप-महानिरीक्षक परिचालन सीआरपीएफ चाईबासा पूरन सिंह रन सत्तू, पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर एवं अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे.
सारंडा जंगल के थोलकोबाद में उन्होंने पदाधिकारियों के साथ बैठक की. पश्चिमी सिंहभूम जिला अन्तर्गत वर्त्तमान में संचालित नक्सल विरोधी अभियान की वस्तुस्थिति एवं क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की गयी. इसके साथ ही कोबरा, सीआरपीएफ, झारखण्ड जगुआर एवं चाईबासा पुलिस के नक्सल विरोधी अभियान में सम्मलित सभी सुरक्षा बलों एवं जवानों से महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक द्वारा वार्तालाप की गयी. नक्सल विरोधी अभियान हेतु उनकी हौसला अफजाई करते हुए मनोबल को बढ़ाया गया. अभियान को और कारगर तरीके से संचालित करने के संबंध में विभिन्न प्रकार के दिशा-निर्देश दिये गये. साथ ही साथ नक्सल विरोधी अभियान को और प्रखर बनाने तथा क्षेत्र की आधारभूत संरचनाओं को सुदृढ़ करने के संबंध में भी दिशा-निर्देश दिया गया.
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।