उदित वाणी, जमशेदपुर: झारखंड में मैट्रिक परीक्षा के हिंदी और विज्ञान प्रश्नपत्र लीक होने से छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में भारी आक्रोश है. लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं से राज्य सरकार की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. इस मुद्दे को लेकर भाजपा युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने राज्यभर में विरोध प्रदर्शन किया.
भाजयुमो का विरोध प्रदर्शन
शुक्रवार को भाजयुमो जमशेदपुर महानगर के कार्यकर्ताओं ने साकची स्थित भाजपा जिला कार्यालय से साकची गोलचक्कर तक पैदल मार्च निकाला. भाजयुमो जिला अध्यक्ष नीतीश कुशवाहा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हेमंत सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया.
शिक्षा व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल
भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने कहा कि झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं के बाद अब मैट्रिक परीक्षा के प्रश्नपत्र भी लीक हो रहे हैं. यह सरकार की नाकामी को दर्शाता है. उन्होंने कहा, “मैट्रिक परीक्षा हर छात्र के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण होती है, लेकिन राज्य सरकार इसे सुरक्षित रखने में असफल रही है. यह झारखंड की शिक्षा व्यवस्था के लिए बेहद चिंताजनक स्थिति है.”
युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष नीतीश कुमार ने कहा कि हेमंत सरकार ने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और सख्त निगरानी के दावे किए थे, लेकिन प्रश्नपत्र लीक होने की घटना से स्पष्ट है कि सरकार अपनी जिम्मेदारियों को निभाने में पूरी तरह विफल रही है. उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी और छात्रों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगी.
प्रदर्शन में भाजपा नेताओं की उपस्थिति
इस विरोध प्रदर्शन में भाजपा जिला अध्यक्ष सुधांशु ओझा, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष नीतीश कुमार, ओबीसी मोर्चा प्रदेश मंत्री सोनू ठाकुर, भाजपा जिला मीडिया सह प्रभारी अखिल सिंह, भाजपा घाघीडीह मंडल अध्यक्ष आनंद कुमार, युवा मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्वेता कुमारी, जुगसलाई मंडल अध्यक्ष विकास कुमार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और युवा मोर्चा के सदस्य मौजूद रहे.
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।