उदित वाणी, आदित्यपुर: भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के संस्थापक सदस्यों में से एक और वरिष्ठ समाजसेवी मदन मोहन सिंह का पार्वती घाट, बिष्टुपुर में अंतिम संस्कार किया गया. उनके पुत्र राजीव मोहन सिंह ने मुखाग्नि दी. इससे पहले, आदित्यपुर-01, मार्ग संख्या-05 स्थित उनके आवास से शवयात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए.
समाजसेवा और सादगी की मिसाल
मदन मोहन सिंह के निधन पर उनके पड़ोसी और वरिष्ठ नागरिक संघ, आदित्यपुर के अध्यक्ष रविंद्र नाथ चौबे ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे नेकदिल इंसान थे और समाजसेवा में हमेशा आगे रहते थे.
परिवार और शुभचिंतकों में शोक
85 वर्षीय मदन मोहन सिंह का निधन आज तड़के लगभग 5 बजे टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में हुआ. वे अपने पीछे तीन पुत्र, एक पुत्री सहित पोते-पोतियों और नाती-नतिनियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं.
राजनैतिक और सामाजिक जगत में शोक
उनके निधन पर विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने शोक व्यक्त किया. पूर्व विधायक अरविंद कुमार सिंह, टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी उर्फ टुन्नू चौधरी, राकेश मिश्रा, भोगेंद्र नाथ झा, सतीश शर्मा, अजय कुमार सिंह, गणेश प्रसाद सिंह और संजय बबुआ सहित कई गणमान्य लोग अंतिम संस्कार में उपस्थित रहे.
शोक संदेश
प्रदेश भाजपा के पूर्व मंत्री शैलेन्द्र कुमार सिंह ने शोक जताते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की. वहीं, जिला भाजपा के पूर्व मंत्री सतीश शर्मा ने मदन मोहन सिंह के निधन को अपनी व्यक्तिगत क्षति बताते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की.
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।