
जमशेदपुरः टाटा मोटर्स के न्यू ड्रीम लाइन के कर्मचारियों ने आज टाटा मोटर्स यूनियन के नव निर्वाचित अध्यक्ष और महामंत्री के साथ ही सभी कमेटी मेंबर्स को सम्मानित किया। इस विभाग से कमेटी मेंबर वरुण सिंह हैं और वहीं से यूनियन के उपाध्यक्ष प्रकाश विश्वकर्मा हैं। अभिनंदन समारोह का आयोजन हुडको पिकनिक स्पॉट पर हुआ। इस दौरान कर्मचारियों ने महामंत्री आर के सिंह को माला पहनाकर एवं महिला कर्मचारियों द्वारा पुष्प गुच्छ देकर पुनः महामंत्री बनने के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में महामंत्री ने कर्मचारियों से मिले स्नेह और सम्मान की सराहना की। उन्होंने कहा कि वे लगातार कर्मचारी हित के बारे में सोचते रहते हैं और प्रयास करते हुए कि किस तरह से कर्मचारियों को लाभ पहुंचाया जा सके। कहा कि आने वाले वर्षों में रोजगार का बेहतर सृजन, हमारे बच्चों का रोजगार कैसे मिले, इन बातों पर विचार कर कुछ ना कुछ बेहतर रिजल्ट लाने का प्रयास यूनियन करेगी। कहा कि यूनियन के चुनाव में आप सभी कर्मचारियों ने बेहतर सहयोग दिया है। इसके लिए उन्होंने सभी का आभार जताया। कार्यक्रम में अध्यक्ष गुरमित सिंह शामिल नहीं हो सके। उनकी अनुपस्थिति में कार्यकारी अध्यक्ष अनिल शर्मा ने अध्यक्ष के संदेश को सभा में रखा। कार्यक्रम का संचालन प्रकाश विश्वकर्मा ने किया।

