
उदित वाणी जमशेदपुरः स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी विधानसभा चुनाव संपन्न कराने के लिए निर्वाचन आयोग के गाइडलाइन के अनुसार जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी अनन्य मित्तल की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समाहरणालय सभागार में बैठक हुई। बैठक में आदर्श आचार संहिता का अनुपालन, प्रचार सामग्रियों का प्री सर्टिफिकेश, निर्वाचन व्यय का पंजी संधारण एवं कोषांग को प्रतिवेदन, ईवीएम का रैंडमाइजेशन, कलस्टर पर इंटरमीडिएट स्ट्रॉग रूम आदि की जानकारी दी गई।जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि दो चरणों में ईवीएम का रेंडमाइजेशन किया जाएगा। पहले रेंडमाइजेशन में विधानसभावार ईवीएम सेट चिन्हित कर लिए जाएंगे वहीं दूसरे रेंडमाइजेशन में बूथवार आवंटित किये जाएंगे। इसके बाद ईवीएम को एलबीएसएम एवं को-ऑपरेटिव कॉलेज के डिस्पैच सेंटर पर प्रोटोकॉल के तहत पहुंचाया जाएगा। एलबीएसएम कॉलेज को बहरागोड़ा, घाटशिला एवं पोटका विधानसभा क्षेत्र तथा को-ऑपरेटिव कॉलेज को जमशेदपुर पूर्वी, जमशेदपुर पश्चिमी व जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के लिए डिस्पैच सेंटर बनाया गया है ।बैठक में जानकारी दी गई कि डिस्पैच सेंटर से सभी ईवीएम को संबंधित विधानसभा क्षेत्र के कलस्टर पर 12 नवंबर को पहुंचाते हुए इंटरमीडिएट स्ट्रॉंग रूम में पूरी सुरक्षा व्यवस्था एवं निगरानी में रखा जाएगा। इशके बाद 13 नवंबर मतदान दिवस को पोलिंग टीम कलस्टर से पैदल बूथों तक पहुंचेगी। डिस्पैच सेंटर स्थित स्ट्रॉंग रूम, क्लस्टर स्थित इंटरमीडिएट स्ट्रॉंग रूम व मतदान दिवस को मॉक पोल के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी प्रोटोकॉल के तहत उपस्थित रहने को कहा गया। एमसीसी एवं एमसीएमसी कोषांग के वरीय पदाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से आदर्श आचार संहिता के अक्षरश: अनुपालन करने, प्रचार सामग्रियों का प्री-सर्टिफिकेशन अनिवार्य रूप से कराये जाने की बात कही। साथ ही सभी को निर्वाचन व्यय का पंजी संधारण के संबध में भी अवगत कराया गया। नोमिनेशन के दौरान चुनाव आयोग के निर्देश के आलोक में की जाने वाली व्यवस्था की जानकारी देते हुए राजनीतिक दलों को भी अपने अपने स्तर से आदर्श आचार संहिता का अनुपालन करने को कहा गया।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि के अलावा एडीएम लॉ एंड ऑर्डर अनिकेत सचान, एसडीएम धालभूम शताब्दी मजूमदार, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव सहित अन्य उपस्थित थे।

