उदित वाणी जमशेदपुर : महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर टाटानगर के केंद्रीय कर्षण मरम्मत कारखाना (लोको शेड पुराना) और रेल सिविल डिफेंस टीम ने एक विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया। इस अभियान के तहत कारखाना के मुख्य द्वार से लेकर क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय तक सफाई की गई। इस स्वच्छता अभियान में रेल सिविल डिफेंस टीम के साथ कारखाने के सभी रेलकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान के दौरान कारखाने के चारों ओर फैले जंगल-झाड़ और सड़क पर पड़े प्लास्टिक कचरे को साफ किया गया।स्वच्छता अभियान में सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार के नेतृत्व में वॉलंटियर टीम, जिसमें सरस्वती मुर्मू, पार्वती मुर्मू और गुलशन कुमार शामिल थे, ने भाग लिया। इसके अलावा, केंद्रीय कर्षण मरम्मत कारखाना के वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (सामान्य) एन. बी. सिंह, व्हील शॉप के वरिष्ठ अनुभाग अभियंता निलेश कुमार, जगजीत कुमार, इन्द्र कुमार, ए. के. सिंह, दुर्गा सिंह, रविन्द्र लाल, गौतम आनंद कुमार और मधु तन्तु बाई समेत सैकड़ों तकनीकी और गैर-तकनीकी रेलकर्मी इस अभियान में शामिल हुए। इस अभियान का उद्देश्य न केवल सफाई रखना था, बल्कि गांधी जी के स्वच्छता के प्रति संदेश को भी जन-जन तक पहुंचाना था। सभी प्रतिभागियों ने अपने सहयोग से इस अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।