
उदित वाणी जमशेदपुर : सायबर अपराध थाना में दर्ज कांड संख्या 139/24 के अंतर्गत शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 55 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। वादी, तनवीरुल एरेफिन, पिता एम. यासीन साफी, निवासी मुसाबनी माईन्स महुलबेरा, थाना मुसाबनी, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर द्वारा दायर शिकायत के आधार पर यह कांड दर्ज किया गया है। आरोप है कि ठगों ने विभिन्न दस बैंक खातों में 55 लाख रुपये डलवाकर वादी को ठगा। जांच में सामने आया कि वादी द्वारा युको बैंक के करेंट अकाउंट (संख्या 21920210002186) में करीब 10 लाख रुपये निवेश के नाम पर जमा किए गए थे। यह खाता एन ए टूर्स एंड ट्रैवल के नाम से खोला गया था, जिसका मालिक नदीम अंसारी, उम्र 27 वर्ष, पिता स्व. अजीम अंसारी, निवासी बंदुगोरा, कपाली, डोबो, थाना कपाली, जिला सरायकेला खरसावां है। वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर के आदेशानुसार पुलिस अधीक्षक, नगर के नेतृत्व में एक त्वरित छापामारी दल का गठन किया गया। छापामारी दल ने कार्रवाई करते हुए नदीम अंसारी को उसके घर से गिरफ्तार कर थाना लाया। पूछताछ में नदीम ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर “एन ए टूर्स एंड ट्रैवल” के नाम से फर्जी कंपनी बनाई और युको बैंक में फर्जी खाता खोलकर ठगी की योजना बनाई। उसने यह भी खुलासा किया कि उसे ठगी की राशि का 10 प्रतिशत कमीशन मिलता था।
नदीम के आईफोन 13 मिनी में मौजूद जीमेल आईडी (skn80434@gmail.com) के इनबॉक्स में युको बैंक खाते से जुड़े लेन-देन की पुष्टि हुई। बैंक से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिछले 10 दिनों में इस खाते में 4.21 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जमा और निकासी हुई है, जो इंगित करता है कि और भी लोगों को इस साइबर ठगी का शिकार बनाया गया है।
गिरफ्तारी और जप्त सामान:
1. हल्का गुलाबी रंग का आईफोन 13 मिनी।
2. फोन में लगा सिम कार्ड।
पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि ठगी के अन्य पीड़ितों को न्याय दिलाया जा सके।

