
उदित वाणी जमशेदपुर : कदमा थाना अंतर्गत शास्त्री नगर ब्लॉक नंबर 3 स्टैंड के पास एक टेंपो चालक द्वारा स्कूल आने-जाने वाली बच्चियों को अश्लील इशारे करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी मो. मुन्ना को गिरफ्तार कर लिया है। मो. मुन्ना बिस्टुपुर क्षेत्र के धातकीडीह सोनार लाइन रेडियो मैदान का निवासी है। पुलिस द्वारा उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी मुन्ना टेंपो चालक है और वह कदमा शास्त्री नगर ब्लॉक नंबर 3 से साकची गोलचक्कर के बीच टेंपो चलाता था। वह अक्सर टेंपो को स्टैंड में खड़ा कर स्कूली बच्चियों को अश्लील इशारे करता था। बीते बुधवार को उसने फिर एक बच्ची को अश्लील इशारा किया, जिसकी जानकारी बच्ची ने घर जाकर अपने परिजनों को दी। इसके बाद परिजन आरोपी की तलाश में स्टैंड पहुंचे, लेकिन मुन्ना उन्हें देख टेंपो लेकर फरार हो गया। इस दौरान उसके पीछे सैकड़ों लोगों की भीड़ भी दौड़ी, लेकिन वह किसी तरह बचकर निकल गया।घटना के बाद परिजनों ने थाने में पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मुन्ना को छापेमारी के दौरान गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

