
उदित वाणी जमशेदपुर : मानगो उलीडीह की 27 वर्षीय महिला के अपहरण और मुसाबनी में दुष्कर्म का मामला सामने आया है। यह घटना सोमवार देर शाम की है, लेकिन पुलिस को इसकी सूचना मंगलवार रात को मिली। पीड़िता को पहले एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे देर रात टीएमएच में रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी, प्रकाश शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता के पिता ने बताया कि वे मूल रूप से डुमरिया के निवासी हैं और उनकी बेटी की शादी को 9 साल हो चुके हैं। उनकी बेटी उलीडीह के राजीव पथ में किराए के मकान में रहती है और अपने पति की नशे की लत के कारण एक दुकान में काम कर घर का खर्च चलाती है।सोमवार शाम को प्रकाश शर्मा कार से पीड़िता के घर आया और उसे जबरन कार में बैठाकर ले गया। पहले उसे मुसाबनी में एक घर ले जाया गया, जहां प्रकाश शर्मा ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी उसे धोबनी के जंगलों में ले गया, जहां फिर से उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इस दौरान पीड़िता के साथ मारपीट भी की गई। मंगलवार सुबह, आरोपी ने पीड़िता को घायल अवस्था में डुमरिया स्थित मायके के घर छोड़ दिया।पीड़िता के पिता उसे डुमरिया पीएचसी ले गए, जहां से उसे एमजीएम अस्पताल और फिर टीएमएच में रेफर किया गया।एसएसपी किशोर कौशल ने बताया कि पीड़िता पहले प्रकाश शर्मा के मकान में किरायेदार थी, लेकिन दो साल पहले से वह राजीव पथ में रह रही थी। पूर्व में पीड़िता ने प्रकाश शर्मा के खिलाफ एमजीएम थाना में मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन बाद में मामला समझौते से सुलझ गया था।फिलहाल पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है। महिला का मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराया जाएगा, जिसके बाद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। मामले की गहन जांच जारी है।
