
उदित वाणी, जमशेदपुर: टाटा स्टील लिमिटेड ने डॉ. शेखर सी. मांडे को 5 साल की अवधि के लिए अतिरिक्त निदेशक के रूप में नियुक्त करने की घोषणा की है. कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग के माध्यम से यह घोषणा की है.
मांडे, सीएसआईआर के महानिदेशक के तौर पर कई बार एनएमएल जमशेदपुर का दौरा कर चुके हैं. उन्हें कंपनी के शेयरधारकों के अनुमोदन के अधीन 1 जून, 2023 से 31 मई 2028 तक 5 साल की अवधि के लिए कंपनी के एक स्वतंत्र निदेशक के रूप में नियुक्त किया गया है.
डॉ. शेखर सी. मांडे एक संरचनात्मक और कम्प्यूटेशनल जीवविज्ञानी और एक प्रसिद्ध शोध वैज्ञानिक हैं. वह सावित्री बाई फुले पुणे विश्वविद्यालय पुणे में एक प्रतिष्ठित प्रोफेसर हैं. इससे पहले, डॉ मांडे वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) के महानिदेशक और वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान विभाग (डीएसआईआर), भारत सरकार के सचिव थे.
वह डीएनए फिंगरप्रिंटिंग और डायग्नोस्टिक्स में भारत के अग्रणी विशेषज्ञों में से एक हैं. 2005 में उन्हें विज्ञान और प्रौद्योगिकी के लिए शांति स्वरूप भटनागर पुरस्कार से सम्मानित किया गया.
डॉ. मांडे ने भारतीय विज्ञान संस्थान बंगलुरू से आण्विक जैवभौतिकी में पीएचडी किया है. उन्होंने नागपुर विश्वविद्यालय से भौतिकी में स्नातकोत्तर और स्नातक की डिग्री प्राप्त की है.

