
उदित वाणी, जमशेदपुर: सेक्रेड हार्ट कान्वेंट स्कूल की छत्रा को स्कूल ना आने देने का दबाव देने के खिलाफ बुधवार को जमशेदपुर अभिभावक संघ डीएसई कार्यालय पहुंचा.
यहां संघ द्वारा डीएसई को इस संबंध में सौंपे गए मांगपत्र में सेक्रेड हार्ट कान्वेंट स्कूल की प्रिंसिपल के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की गई है. इस संबंध में संघ के अध्यक्ष डॉ. उमेश कुमार ने डीएसई को बताया कि आद्रिजा बंगमास नाम की छात्रा सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल, बिष्टूपुर में सत्र 2022-23 में क्लास 4 सी की छात्रा है.
सत्र 2022-23 की शुरुआत में आद्रिजा को टाइफाइड हो जाने पर बच्चों में बीमारी फैलने का हवाला देते हुए स्कूल प्रबंधन ने उसके ठीक होने तक स्कूल आने पर रोक लगा दी थी.
नवंबर 2023 में आद्रिजा पूरी तरह से ठीक होने पर स्कूल गई तो स्कूल प्रबंधन द्वारा पुन: यह कहते हुए उसके स्कूल आने पर रोक लगा दी कि आद्रिजा का पूरे सत्र में पढ़ाई बाधित रही है, इसलिए उसे नये सत्र 2023-24 से स्कूल भेजा जाए. प्रबंधन द्वारा उसके अभिभावक को नए सत्र से बच्ची को भेजने को कहा गया.
आरोप है कि आद्रिजा को उसके अभिभावक जब सत्र 2023-24 में लेकर स्कूल गये तो प्रिंसिपल ने अभिभावकों को टीसी लेने को कहा. संघ ने कहा कि ऐसा करना आरटीई अधिनियम 2009 धारा 16 का उल्लंघन है.
कुमार ने कहा कि मांग पत्र के माध्यम से डीएसई से आद्रिजा को नये सत्र 2023-24 में क्लास 5 में प्रमोट करते हुए क्लास शुरू करने का आदेश देने का आग्रह किया गया है. डीएसई ने कहा कि इस मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी. उधर स्कूल प्रबंधन की ओर से इस मामले में पक्ष नहीं मिल सका है.

