
# बर्ष 2024 में तीसरी बार मोदी सरकार बनाने के लिए राज्य की जनता झारखंड की सभी 14 लोकसभा सीटों पर भाजपा एवं एनडीए उम्मीदवार को जीत दिलाने के लिए कमर कस कर है तैयार-दीपक प्रकाश
उदित वाणी, रांची: भाजपा द्वारा एक दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित करके आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर 30 मई से 30 जून तक एक महीने की कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई और राज्य के सभी 14 लोकसभा सीटों को जीतने का संकल्प लिया गया.
वहीं पार्टी द्वारा कार्यक्रम आयोजित करने के पूर्व 25 मई तक सभी सांगठानिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने का भी निर्णय लिया गया. जिसके तहत पार्टी द्वारा 17 मई से 21 मई के बीच सभी जिला कार्यसमिति की बैठक तथा 18 मई से 24 मई के बीच मंडलों की कार्यसमिति की बैठकें करने का निर्देश दिया गया.
जबकि बैठक में जानकारी दी गई कि पार्टी द्वारा देश भर में 1लाख विशिष्ट परिवारों के बीच संपर्क अभियान चलायेगी और देशभर में 51 बड़ी रैलियां व 396 लोकसभा स्तरीय जनसभा आयोजित की जायेगी.
इसके साथ ही पार्टी द्वारा राज्य में लोकसभा, विधानसभा व बूथ स्तर पर कार्यक्रम कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे तथा प्रिंट, इलेक्ट्रोनिक व सोशल मीडिया के माध्यम से भी संवाद स्थापित किया जायेगा. 20 जून से 30 जून तक घर-घर संपर्क अभियान चलाकर भाजपा कार्यकर्ता मोदी सरकार के 9 बर्षों की उपलब्धियों को लेकर चर्चा करेंगे तथा मिस्ड कॉल के माध्यम से समर्थन भी प्राप्त करेंगे.
महिलौंग स्थित सरला बिरला स्कूल के सभागार में संपन्न प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए पार्टी अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि मोदी सरकार के 9 बर्ष भारत के स्वाभिमान और सम्मान का बर्ष है. भारत की दुनिया में बढ़ती साख का बर्ष है.
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता 30 मई से 30 जून तक चलने वाले महासंपर्क अभियान को सफल बनायेंगे. पार्टी को सर्व स्पर्शी, सर्व व्यापी व सर्व समावेशी बनाने के साथ ही केंद्र सरकार की उपलब्धियों को विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जन जन तक पहुंचाकर बर्ष 2024 में तीसरी बार मोदी सरकार बनाने का रास्ता बनायेंगे.
उन्होंने कहा कि राज्य की जनता झारखंड की 14 लोकसभा सीट पर भाजपा एवं एनडीए उम्मीदवार को जीत दिलाने केलिए कमर कस कर तैयार है.
भाजपा द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों की रूपरेखा
# 29 मई को सभी प्रदेश की राजधानी में केंद्रीय मंत्री की प्रेसवार्ता व सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स मीट
# 30-31 मई को लॉन्च रैली के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी महासभा करके अभियान का करेंगे शुभारंभ
# 2-3 जून को लोकसभा स्तरीय विकास तीर्थ का आयोजन
# 4 जून को लोकसभा स्तरीय सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स मीट
# 5-6 जून व 19-20 जून को विधानसभा स्तरीय लाभार्थी सम्मेलन
# 7-8 जून को विधानसभा स्तरीय वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ भोजन के साथ परिचर्चा
# 10-11जून को लोकसभा स्तरीय विशाल जनसभा का आयोजन
# 12, 13 व 14 जून को विधानसभा स्तरीय संयुक्त मोर्चा सम्मेलन
# 15 जून को लोकसभा स्तरीय प्रेसवार्ता
# 16-17 जून को लोकसभा स्तरीय व्यापारी सम्मेलन
# 21 जून को विधानसभा स्तर पर योग दिवस का आयोजन
# 23 जून डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी का बूथ स्तर पर संवाद कार्यक्रम
# 25 जून को मन की बात कार्यक्रम व प्रबुद्ध जन सम्मेलन में मोदी सरकार के 9 बर्षों की उपलब्धियों पर चर्चा
# 30 जून को पार्टी के शक्ति केन्द्रों पर हुल दिवस कार्यक्रम में भाजपा सरकार द्वारा जनजाति समाज के उत्थान के लिए किए गए उल्लेखनीय कार्यों की चर्चा
कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत माता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों में सुरक्षित है. देश की रक्षा व विकास के लिए नरेंद्र मोदी के प्रति जनता का विश्वास मजबूत हुआ है- प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेई
आज देश में कश्मीर फाइल्स व केरला स्टोरी यदि पर्दे पर दिखाई जा रही है, तो यह नरेंद्र मोदी सरकार के कारण ही संभव है अन्यथा कांग्रेस समेत यूपीए गठबंधन की सरकारें तो सच्चाई पर हमेशा पर्दा डालती रही है- पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे भ्रष्टाचार मुक्त अभियान में सारे भ्रष्टाचारी एक जुट हो रहे हैं. भ्रष्टाचारियों के साथ देश की विघटनकारी ताकतें भी आज मोदी सरकार के खिलाफ सक्रिय हो रही है. हमें उनके मंसूबों पर पानी फेरने के लिए संपर्क अभियान के दौरान संवाद करके जनता तक पहुंचाना है- पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास
मोदी सरकार के 9 बर्ष आदिवासी, दलित व पिछड़े समाज के उत्थान का बर्ष है. उक्त समाज देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास की मुख्यधारा में तेजी से जुड़ा है- केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा


