
उदित वाणी, जमशेदपुर: अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन का दो दिवसीय 27 वां राष्ट्रीय अधिवेशन गुवाहाटी के तेरापंथ धर्मस्थल में सम्पन्न हुआ, जिसमें पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन का प्रतिनिधिमंडल सम्मिलित हुआ.
अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष गोवर्धन दास गाड़ोदिया ने नए राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव प्रकाश लोहिया को असम सरकार के आवास, शहरी एवं सिंचाई मंत्री अशोक सिंघल के समक्ष सम्मेलन की बागडोर सौंपी एवं नए अध्यक्ष द्वारा कैलाशपति तोदी को नया महासचिव मनोनीत किया गया.विषय निर्वाचनी समिति की बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर आए प्रस्ताव को पास कर आगे की कार्यवाही के लिए प्रेषित किया गया.
क्या है प्रस्ताव
प्रस्ताव में सबसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय, प्रदेश, जिले एवं शाखा के अंशदान को नए सिरे से विभाजित करने के लिए संविधान संशोधन समिति को भेजने का फैसला लिया गया.
अखिल भारतीय मारवाड़ी सम्मेलन ने प्री वेडिंग शूटिंग पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव लाया, परंतु पूर्वी सिंहभूम जिले के अध्यक्ष मुकेश मित्तल द्वारा इस विषय पर विस्तृत चर्चा करने पर प्री वेडिंग शूटिंग के वीडियो और फोटोग्राफ को सार्वजनिक स्थल पर प्रदर्शन करने पर प्रतिबंध लगाने का संशोधित प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास किया गया.
एक संविधान और लोगो हो-मित्तल
खुले सत्र में पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष मुकेश मित्तल ने राष्ट्रीय और प्रान्त का अलग-अलग संविधान और लोगो होने का मामला उठाकर राष्ट्रीय स्तर पर सम्मेलन का एक ही संविधान और लोगो होने की बात कही.
इसके अलावा मित्तल ने जिला के कार्यक्षेत्र में प्रांत द्वारा अनावश्यक हस्तक्षेप न करने की बात भी उठाई. झारखंड प्रांत के पूर्व अध्यक्ष निर्मल काबरा ने कहा कि अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन की एकल सदस्यता होने के कारण मेंबरशिप फीस का विभाजन राष्ट्रीय संविधान के अनुरूप होना चाहिए, न कि झारखंड प्रांत की नई कमिटी द्वारा लिए गए असंवैधानिक निर्णय के अनुरूप.
पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन के पूर्व अध्यक्ष उमेश शाह ने परिवार में बढ़ते तलाक एवं भाइयों के बंटवारे के विवाद का मामला उठाया. विश्वनाथ शर्मा ने ज्यादा से ज्यादा मारवाड़ी भाषा का प्रयोग करने पर बल देने की बात कही.
ये थे प्रतिनिधिमंडल में शामिल
अधिवेशन में पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन के जिला अध्यक्ष मुकेश मित्तल, महासचिव विवेक चौधरी, पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष निर्मल काबरा, पूर्व जिला अध्यक्ष उमेश शाह, पूर्व प्रांतीय उपाध्यक्ष अशोक भालोटिया, पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक मोदी, शम्भू प्रसाद मित्तल, निर्मल मित्तल, नरेश मोदी, विश्वनाथ शर्मा एवं सुशील मित्तल ने भाग लिया.

