
उदित वाणी, जमशेदपुर: भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा एक भारत श्रेष्ठ भारत टीम के तहत ‘युवा समागम’ कार्यक्रम का आयोजन 25 अप्रैल से 30 अप्रैल तक एनआईटी जमशेदपुर में आयोजित किया जा रहा है.
इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अंडमान निकोबार से 45 छात्रों का समूह एक्सपोजर टूर पर यहां पहुंचा है. मंगलवार को युवा समागम कार्यक्रम के तहत आये एनआईटी में छात्रों का अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें छात्रों को संबोधित करने आयकर आयुक्त शिशिर धमीजा, जमशेदपुर के एसएसपी प्रभात कुमार मौजूद रहे.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आयकर आयुक्त शिशिर धमीजा ने कहा कि एक्सपोजर टूर का छात्र भरपूर फायदा उठाएं, इन्होंने कहा कि झारखंड प्रदेश खनिज संपदा से भरपूर है, इसे नजदीक से जाने समझें.
उन्होंने कहा कि हीरे को तराशने पर कद्र और कीमत दोनों बढ़ती है। ठीक उसी प्रकार छात्रों को भी खुद तराश कर अपने मूल्य को बढ़ाना होगा. जमशेदपुर का टाटा स्टील प्लांट आज विश्व विख्यात है. स्टील निर्माण और टाटा मोटर्स के ऑटोमोबाइल निर्माण क्षेत्र को छात्र नजदीक से देखें और समझे और बहुत कुछ सीख कर वापस जाएं तभी इस कार्यक्रम की सफलता होगी.
इस मौके पर मौजूद जमशेदपुर एसएसपी प्रभात कुमार ने भी छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि एक्स्पोजर टूर से छात्रों को अलग अलग राज्य की भाषा सभ्यता संस्कृति को भी नजदीक से देखने और समझने का अवसर प्राप्त होगा.
झारखंड से 45 छात्र जाएंगे अंडमान निकोबार
एक भारत श्रेष्ठ भारत के तहत युवा समागम में झारखंड राज्य से भी 45 छात्रों का समूह अंडमान निकोबार एक्स्पोजर टूर पर जाएगा. एनआईटी कॉलेज युवा समागम कार्यक्रम में झारखंड राज्य का नोडल केंद्र बनाया गया है.
जहां अंडमान निकोबार से पहुंचे छात्रों के रहने की व्यवस्था की गई है. कार्यक्रम को लेकर एनआईटी के निदेशक प्रो. करुणेश कुमार शुक्ला के नेतृत्व में कार्यक्रम संचालन समिति का गठन किया गया है. एनआईटी डायरेक्टर ने बताया कि कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर एनआईटी प्रबंधन द्वारा व्यापक तैयारी की गई है.


