
उदित वाणी, कांड्रा: जय बजरंगबली अखाड़ा समिति की ओर से टाटा-कांड्रा मार्ग स्थित बीको मोड़ के समीप नवनिर्मित मन्दिर में रामनवमी के अवसर पर बजरंगबली की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा दी जाएगी.
इस मौके पर आयोजित तीन दिवसीय महानुष्ठान के प्रथम दिन बुधवार को प्रातःकाल में भव्य कलश यात्रा निकाली गई जिसमें काफी संख्या में कन्याएं और महिलाएं शामिल हुई. इस दौरान सापडा स्थित दोमुहानी घाट से कलश में जल भरकर मन्दिर परिसर में लाया गया. तत्पश्चात, विधि-विधान से संकल्प लेकर पूजा-अर्चना की गई.
गुरुवार को पूजा-पाठ कर बजरंगबली की भव्य प्रतिमा को मन्दिर में प्रतिस्थापित किया जाएगा. उसके बाद हवन-यज्ञ व सम्पूर्ण रामायण पाठ का आयोजन किया जाएगा. आगामी शुक्रवार को भव्य भंडारा के बाद कार्यक्रम की समाप्ति होगी. इसके आयोजन में कमेटी के गिरिवर सिंह, चंद्रशेखर आज़ाद, अशोक शर्मा, विकास सिंह, नगीना शर्मा, फुलेश्वर शर्मा, जयशंकर प्रसाद समेत सभी सदस्यों का योगदान रहा.

