
उदित वाणी, रांची: जमशेदपुर स्थित टिमकेन इंडिया लिमिटेड द्वारा राज्य में महुआ फ्लावर इंस्टिट्यूट तथा नेशनल इंस्टिट्यूट आफ एथनो मेडिसिन स्थापित की जायेगी.
इस संबंध में शनिवार को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से झारखंड विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में दुनिया के अग्रणी बियरिंग बनाने वाली कंपनी टिमकेन इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष इंडिया एवं साउथ-एशिया तथा प्रबंध निदेशक इंडिया संजय कौल एवं यूएसए कैंटोन फाउंडेशन के ट्रेजरर हेनरी एच टिमकेन ने मुलाकात की और इच्छा जतायी.
वहीं मुख्यमंत्री ने उन्हें राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहयोग करने का भरोसा दिया. उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ झारखंड में टिमकेन इंडिया लिमिटेड एवं टिमकेन फाउंडेशन द्वारा आदिवासी समुदाय के विकास में किए जा रहे कार्यों की चर्चा की और उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि टिमकेन व टिमकेन फाउंडेशन द्वारा जमशेदपुर के आसपास के आदिवासी क्षेत्रों में कई विकास कार्य किया गया है.
कई स्कूल कॉलेजों का निर्माण कराया गया है. इसके साथ ही उन्होंने झारखंड के अन्य जिलों में भी आदिवासियों के विकास को बृहद रूप देने को लेकर चर्चा की.
संजय कौल एवं हेनरी ने राज्य व राज्य में आदिवासियों के विकास के लिए बढ़ चढ़कर भागीदारी निभाने के लिए मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया. इस अवसर पर राज्य महिला आयोग की पूर्व सदस्य एवं तोड़ंग ट्रस्ट की संस्थापक डा वासवी किड़ो भी मौजूद थी.

