
उदित वाणी, जमशेदपुर: सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने जिला उद्योग केन्द्र के साथ मिलकर शुक्रवार 24 फरवरी को सुबह 11 बजे से निर्यात प्रोत्साहन कार्यशाला आयोजित करने का फैसला किया है.
इसका मकसद कोल्हान के व्यापारियों को निर्यात के क्षेत्र में प्रोत्साहित करना है. इस कार्यशाला में आमंत्रित वक्ता एवं अतिथि इससे संबंधित जानकारी देंगे. चैंबर अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने बताया कि कोल्हान में निर्यात के क्षेत्र में असीम संभावनाएं हैं, जिसका उपयोग कर व्यापारी एवं उद्यमी अपने व्यापार को विदेश में फैला सकते हैं.
इससे कोल्हान के औद्योगिक विकास की संभावनाएं बढ़ जाएंगी. इसी को देखते हुए जिला उद्योग केन्द्र के सहयोग से निर्यात प्रोत्साहन कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है. कार्यशाला में सहायक निदेशक, विदेश व्यापार महानिदेशालय कोलकाता व्यावसायियों एवं उद्यमियों को विस्तृत जानकारी देंगे. साथ में जीएसटी, कस्टम और झारखंड सरकार के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे.

