
उदित वाणी, जमशेदपुर/ रांची: बिहार की सत्ता में धीरे-धीरे खुद को मजबूत कर रहे राजद नेता व बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव का ध्यान अब झारखंड की ओर भी हो गया है.
वे झारखंड में भी राजद को मजबूत करने में जुट गए हैं ताकि 2024 के लोकसभा चुनाव में बिहार से अलावा झारखंड में भी उनकी पार्टी अच्छा प्रदर्शन कर सके. इसी मकसद से तेजस्वी दो दिन के दौरे पर शनिवार को रांची पहुंचे. रविवार को वे रांची के हरमू स्थित कार्निवाल हॉल में आयोजित राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकर्ता मिलन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे.
इस दौरान तेजस्वी यादव पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे. समझा जाता है कि उनके संबोधन में राज्य में महागठबंधन को मजबूत करने के साथ साथ राजद की मजबूती पर भी फोकस रहेगा और इस बावत वे पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं को जरूरी टिप्स देंगे.
वैसे शनिवार को पटना से विमान से रांची पहुंचने के बाद से ही तेजस्वी का अति व्यस्त कार्यक्रम रहा. हवाई अड्डे पर उनके स्वागत में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ पहुंचे थे. आने के साथ ही विभिन्न नेताओं के साथ उनकी मुलाकात का भी सिलसिला शुरू हो गया, उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ भी मुलाकात की.
प्रभाव क्षेत्र में राजद को करेंगे मजबूत
तेजस्वी का प्लान बहुत साफ है. झारखंड में जिन इलाकों में राजद का प्रभाव है, वैसे इलाकों में पार्टी को पहले मजबूत करेंगे. अन्य इलाकों पर बाद में ध्यान देंगे. उनका झारखंड पर फोकस करने के पीछे रणनीति है कि राजद जितना मजबूत होगा महागठबंधन में उतनी ही मजबूती से लोकसभा या विधानसभा की सीटों पर हिस्सेदारी कर सकेगा.
रांची में शनिवार को उन्होंने कहा भी कि जस क्षेत्र में जो पार्टी मजबूत है वहां उस पार्टी को मौका मिलना चाहिए. इससे हम अपनी ताकत को बढ़ा सकते हैं, तभी मजबूती के साथ चुनाव लडऩे में सक्षम होंगे.
मजबूत जनाधान की दिला रहे याद
अपने मिशन झारखंड के तहत तेजस्वी यादव नेताओं को याद दिलाएंगे कि जहां मजबूत जनाधार रहा है, वहां पार्टी को फिर से मजबूत करने के लिए हर कोई कमर कसकर जुट जाए. राजद को गांव तक, पंचायत तक, बूथ तक पहुंचाना है. तेजस्वी जोर देंगे कि गणेश परिक्रमा करने से परहेज किया जाए और जनता की परिक्रमा करने पर ज्यादा ध्यान दिया जाए. ऐसा करने से ही कम बनेगा. तेजस्वी के प्लान से यह संकेत मिल रहा कि आनेवाले दिनों में झारखंड में राजद को मजबूत करते हुए आगे बढ़ाने के लिए जो काम करेगा वही पार्टी में आगे बढ़ेगा. उन्हीं को मौका मिलेगा जो ईमानदारी से राजद को सींचने का काम करेगा.
रांची ने इन नेताओं की रही उपस्थिति
तेजस्वी यादव के रांची आगमन के मौके पर राजद के राष्ट्रीय महासचिव सह पूर्व मंत्री श्याम रजक, झारखंड राजद के प्रभारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव, राजद के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी, झारखंड राजद के प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव, प्रधान महासचिव संजय प्रसाद यादव, पूर्व मंत्री सुरेश पासवान, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रंजन कुमार यादव, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभय सिंह, मुख्य प्रवक्ता डॉ मनोज कुमार, खटाल प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष गौरी शंकर यादव, फिरोज अंसारी, इरफान अहमद अंसारी, विशु विशाल, मंतोष यादव समेत अन्य नेता मौजूद रहे.


